कलेक्ट्रेट पर हंगामा, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

बीकानेर। शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भारी हंगामा हुआ। जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत में बढ़ रही बेरोजगारी और अमेरिका में भारतीयों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बैरिकेटिंग तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भंवर कूंकणा ने आरोप लगाया कि देश में लगातार बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और दूसरी और अमेरिका में देश के लोगों के साथ बदसलूकी हो रही है लेकिन केंद्र सरकार आंख मूंदें बैठी है। जिसके चलते युवाओं में रोष है। लाठीचार्ज के कारण मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद शाहिद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन प्रशासन की दमनकारी नीति के कारण स्थिति बिगड़ गई। यूथ कांग्रेस ने इस घटना की निंदा करते हुए साफ किया है कि उनका आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। संगठन के नेताओं ने घोषणा की है कि यह आंदोलन अब पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जारी रहेगा। बीकानेर में हुई इस घटना के बाद प्रदेशभर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और अधिक आक्रामक रुख अपना सकते हैं।
