चार्जिंग में लगा मोबाइल हुआ ब्लास्ट, झौपड़ा जला, दो बच्चे एक युवक झुलसा
बीकानेर। लूणकरनसर में शनिवार को चार्जिंग के दौरान मोबाइल की बैटरी में ब्लास्ट हो गया। इससे घर में आग लग गई। घटना के समय घर के अंदर 2 बच्चे सो रहे थे। तीन महीने की बच्ची की हालत गंभीर है। वह 35 प्रतिशत तक झुलसी है। दोनों बच्चों को बचाने में युवक के दोनों हाथ जल गए हैं। तीनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हंसेरा में रहने वाले सोहन राम मेघवाल के दो जमाई मुकेश और रमेश हैं। ये दोनों सगे भाई हैं।
दोनों जमाई फसल कटाई के लिए आए थे। शनिवार सुबह परिवार सहित दोनों जमाई ढाणी से कुछ दूरी पर स्थित खेत में फसल काट रहे थे। मुकेश और रमेश की बहन सुलोचना भी साथ आई हुई थी। ढाणी के पास ही बने झोपड़े में पुराने मोबाइल चार्ज पर लगे थे। सुलोचना ढाणी में खाना बना रही थी। ढाणी के झोपड़े से अचानक बच्चा दौड़ते हुए बाहर आया। सुलोचना को बताया कि अंदर झोपड़े में आग लगी है। घायल मुकेश के भाई रमेश ने बताया कि विवो कंपनी का स्मार्टफोन चार्ज में लगा हुआ था। उसकी बैटरी फटी, जिसकी वजह से झोपड़े में आग लगी है।
झोपड़े में तीन महीने की तपस्या पुत्री मुकेश और मानव (2) पुत्र मघाराम सो रहे थे। झोपड़ा खींप (घास) से बना हुआ था। सुलोचना ने फौरन रमेश और मुकेश को आवाज लगाई। दोनों झोपड़े की ओर दौड़े। सामने आग धधक रही थी। मुकेश ने आग की परवाह न करते हुए दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। इस दौरान मुकेश के दोनों हाथ जल गए। दोनों बच्चे भी आग की चपेट में आ गए थे। तीन महीने की तपस्या 35 प्रतिशत तक झुलस गई है। मानव मामूली रूप से झुलसा है। आग लगने के कारण घर का काफी सामान जलकर राख हो गया। इसमें सोने-चांदी के जेवर भी थे। इनकी कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा 30 हजार रुपए नकद थे, जो राख हो गए। वहां रखा मोबाइल भी पूरी तरह जल गया। झोपड़े में 4 कट्टे यूरिया, 1 कट्टा खल और एक क्विंटल गेहूं भी जल गए।