पीएम मोदी बोले-हर आतंकी हमले का जवाब अपनी शर्तों पर देंगे, पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं, जहां आतंकी चैन से रह सकें´
जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की। इसके बाद जवानों को 28 मिनट संबोधित भी किया। मोदी ने कहा, भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा- विनाश और महाविनाश। जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, एयरफोर्स और नेवी ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, मिसाइलों के बारे में सोचकर पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी। पाकिस्तान की गुहार के बाद भारत ने सिर्फ अपनी सैन्य कार्रवाई को स्थगित किया है। अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकी गतिविधि या सैन्य दुस्साहस दिखाया तो हम उसका मुंह तोड़ जवाब देंगे। यह जवाब अपनी शर्तों पर, अपने तरीके से होगा। इस निर्णय की आधारशिला, इसके पीछे छिपा विश्वास, आपका धैर्य, शौर्य, साहस और सजगता है। आपका हौसला, ये जुनून, ये जज्बा ऐसे ही बरकरार रखना है। हमें लगातार मुस्तैद रहना है। हमें तैयार रहना है। हमें दुश्मन को याद दिलाते रहना है कि ये नया भारत है, ये शांति चाहता है, लेकिन मानवता पर हमला होता है तो भारत युद्ध के मोर्चे पर दुश्मन को मिट्टी में मिलाना भी अच्छी तरह जानता है। आज हमारे पास नई टेक्नोलॉजी का सामर्थ्य है, जिसका पाकिस्तान सामना नहीं कर सकता है। एयरफोर्स सहित सभी सेनाओं के पास दुनिया की श्रेष्ठ तकनीक पहुंची है, नई टेक्नोलॉजी के साथ चुनौतियां भी उतनी बड़ी होती हैं। कॉम्प्लिकेटेड और सोफेस्टिकेटेड सिस्टम को मेंटेन करना और एफिशिएंसी के साथ चलाना स्किल है।

आपने सिद्ध कर दिया है कि आप इस गेम में दुनिया में बेहतरीन हैं। भारत की वायुसेना सिर्फ हथियारों से ही नहीं, डेटा और ड्रोन से भी दुश्मन को छकाने में माहिर हो गई है। यह अब भारतीय सेनाओं के मजबूत स्वरूप की पहचान है। ऑपरेशन सिंदूर में मैन पावर के साथ ही मशीन का कोऑर्डिनेशन भी अद्भुत रहा है। भारत के पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम, आकाश जैसे मेड इन इंडिया प्लेटफॉर्म, एस-400 जैसे आधुनिक डिफेंस सिस्टम ने अभूतपूर्व मजबूती दी है। एक मजबूत सुरक्षा कवच भारत की पहचान बन चुका है। पाकिस्तान की लाख कोशिश के बाद भी हमारे एयरबेस हों या डिफेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, उन पर आंच तक नहीं आई। इसका श्रेय आप सभी को जाता है। पाकिस्तान के ड्रोन, उसके यूएवी, एयरक्राफ्ट, मिसाइलें हमारे सशक्त एयर डिफेंस के सामने ढेर हो गए। मैं देश के सभी एयरबेस से जुड़ी लीडरशिप, एयर वॉरियर की हृदय से सराहना करता हूं। आपने वाकई बहुत शानदार काम किया है। आतंक के विरुद्ध भारत की लक्ष्मण रेखा एकदम स्पष्ट है कि अब टेरर अटैक हुआ तो भारत देगा और पक्का जवाब देगा। सर्जिकल स्ट्राइक में देखा, एयरस्ट्राइक में देखा और अब ऑपरेशन सिंदूर भारत का न्यू नॉर्मल है। कल भी कहा था कि भारत ने अब तीन सूत्र तय कर दिए है। पहला : भारत पर आतंकी हमला हुआ तो अपने तरीके से, अपनी शर्तों पर, अपने समय पर जवाब देंगे। दूसरा : कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग भारत नहीं सहेगा। तीसरा : हम आतंक की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे। दुनिया भी भारत की नई व्यवस्था को समझते हुए आगे बढ़ रही है।
श्री मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर चलेगा ‘हमारी संस्कृति, हमारी विरासत’ अभियान, बुधवार को होगी शुरुआत
आस्था और समर्पण का केन्द्र बना कैंसर पीडि़तों का आश्रम : पवन धूपड़
पर्ल हाइट्स अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव सम्पन्न, अनिल कोठारी बने अध्यक्ष
स्व. रामरतन कोचर 29वां साहित्यकार पुरस्कार के लिए यूपी के आचार्य देवेन्द्र कुमार देव का हुआ चयन
प्रयागराज माघ मेले में महात्यागी नगर खालसा बीकानेर वाले का हुआ शुभारम्भ, पूज्य गुरु महाराज श्री रामदास जी महाराज ने किया ध्वज पूजन
सर्दी में राहत के प्रयास : महावीर रांका ने जरुरतमंदों को 500 जोड़ी जूते वितरित किए
शशिकला राठौड़ ने कांग्रेस महिला कार्यकारिणी की घोषणा की, वरिष्ठ नेताओं का हुआ अभिनंदन