बीकानेर में भव्य रामलीला 4 अप्रेल से, पोस्टर का किया विमोचन
राम का चरित्र हमें मर्यादा सिखाता है : विमर्शानंदगिरि महाराज
बीकानेर। राम का चरित्र हमें मर्यादित बनाता है। त्याग की परिभाषा को स्पष्ट करने का एकमात्र साधन रामलीला ही है। यह उद्गार श्री लालेश्वर महादेव मंदिर शिवबाड़ी के मठाधीश संवित् विमर्शानंदगिरि महाराज ने आगामी 4 से 6 अप्रेल होने जा रही भव्य रामलीला के पोस्टर विमोचन के दौरान व्यक्त किए। श्रीविमर्शानंदगिरिजी महाराज ने कहा कि यह बीकानेरवासियों का सौभाग्य है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की भव्य रामलीला का मंचन देखने का अवसर मिलेगा। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर इस ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा 4, 5 व 6 अप्रेल को करणी सिंह स्टेडियम में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष दीपक गौड़ व महामंत्री अशोक प्रजापत ने बताया कि ब्रह्मलीन संवित् श्रीसोमगिरिजी महाराज की प्रेरणा से इस भव्य कार्यक्रम का मंचन सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक एवं भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज के सान्निध्य में किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के दौरान उपाध्यक्ष ध्रुव शर्मा, टैंट संचालक मनफूल, लाइट व साउंड संचालक शिव तथा समाजसेवी किशन प्रजापत उपस्थित रहे।
100 से अधिक कलाकार करेंगे मंचन
आयोजन समिति के नारायण उपाध्याय व नारायणा ग्रुप ऑफ स्कूल्स की प्रिंसिपल अल्का पारीक ने बताया कि 100 से अधिक कलाकारों द्वारा इस रामलीला का मंचन किया जाएगा। बीकानेर से पूर्व इस रामलीला का मंचन राजस्थान सहित भारत के शहरों व विश्व के अलग-अलग देशों में किया जा चुका है। जोधपुर में यह रामलीला बीते 24 वर्षों से आयोजित की जा रही है। 325 फुट लम्बे व 80 फुट चौड़े बहुमंजिला विशाल रंगमंच पर प्रभु श्रीराम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के जीवन चरित्र का सजीव मंचन किया जाएगा।

श्री मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर चलेगा ‘हमारी संस्कृति, हमारी विरासत’ अभियान, बुधवार को होगी शुरुआत
आस्था और समर्पण का केन्द्र बना कैंसर पीडि़तों का आश्रम : पवन धूपड़
शशिकला राठौड़ ने कांग्रेस महिला कार्यकारिणी की घोषणा की, वरिष्ठ नेताओं का हुआ अभिनंदन
पर्ल हाइट्स अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव सम्पन्न, अनिल कोठारी बने अध्यक्ष
स्व. रामरतन कोचर 29वां साहित्यकार पुरस्कार के लिए यूपी के आचार्य देवेन्द्र कुमार देव का हुआ चयन
प्रयागराज माघ मेले में महात्यागी नगर खालसा बीकानेर वाले का हुआ शुभारम्भ, पूज्य गुरु महाराज श्री रामदास जी महाराज ने किया ध्वज पूजन