पैसे डबल करने वाले तांत्रिक के दो साथी गिरफ्तार

बीकानेर। बीकानेर में तंत्र-मंत्र से रुपए 33 गुना करने का झांसा देकर 50 लाख रुपए लूटने वाले दो तांत्रिकों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। इनका सरगना अभी फरार है। रुपए के लिए तांत्रिकों ने अपने ही दो साथियों और एक व्यक्ति को हलवे में नींद की गोलियां खिलाकर मार दिया था। मामला खाजूवाला थाना इलाके का है। डीएसपी अमरजीत सिंह ने बताया- खाजूवाला निवासी गफ्फार और अजमेर निवासी शैतान सिंह और विक्रम सिंह की मौत हुई है। गिरोह का सरगना तांत्रिक कर्नाटक का रहने वाला एम.शिवा है, उसकी तलाश जारी है। वहीं जोधपुर निवासी रामस्वरूप और झारखंड निवासी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। एम.शिवा की गैंग में शैतान सिंह, विक्रम सिंह, रामस्वरूप और मनोज थे। गफ्फार, शैतान सिंह और विक्रम सिंह के संपर्क में आया था। दोनों ने गफ्फार को एम.शिवा नाम के तांत्रिक के बारे में बताया था। कहा था कि वह तंत्र-मंत्र से 1 करोड़ के 33 करोड़ रुपए कर सकता है। ठगों ने गफ्फार को अपने जाल में फंसाने के लिए दो बार रुपए डबल कर धोखा दिया। इस कारण उसका विश्वास जम गया। गफ्फार की बातों में आकर डॉ. पूनाराम ने अपने साले से लेकर 45 लाख रुपए दे दिए। पुलिस जांच कर रही है कि पूनाराम ने भी रुपए 33 गुना बढ़ाने के लिए दिए थे या फिर किसी अन्य काम के लिए दिए थे। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालक राजेंद्र पूनिया ने भी 5 लाख रुपए दिए थे। इसी तरह कई लोगों ने उसे पैसा दे दिया। इसके बाद कर्नाटक का तांत्रिक खाजूवाला तंत्र क्रिया करने आया। जून के पहले सप्ताह में कर्नाटक का तांत्रिक अपने चार साथियों रामस्वरूप, मनोज, शैतान सिंह और विक्रम सिंह के साथ खाजूवाला पहुंचा। गफ्फार के घर की सभी महिलाओं को बाहर भेज दिया। उन्हें बोला कि तंत्र विद्या में उनका कोई काम नहीं है। 11 जून को तंत्र क्रिया शुरू की गई। दिनभर तांत्रिक क्रिया की। 12 जून को भी देर रात तक तंत्र क्रिया की। रात को एम.शिवा और उसके साथियों ने हलवे का प्रसाद तैयार किया। मौका पाकर तांत्रिक ने हलवे में नींद की गोलियां मिला दी।
प्रसाद गफ्फार, उसके बेटे सलमान, शैतान सिंह, विक्रम सिंह और राजेंद्र को खिलाया। रात करीब 2 बजे प्रसाद वितरण के बाद तांत्रिक और उसके चारों साथी भाग गए। प्रसाद खाने के बाद गफ्फार, उसका बेटा सलमान और राजेंद्र बेहोश हो गए थे। सुबह सलमान को होश आया तो उसने घरवालों को घटना की जानकारी दी। घरवाले गफ्फार और राजेंद्र को अस्पताल ले गए, जहां गफ्फार की मौत हो गई। कुछ ही देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि शोभासर में एक फार्म हाउस के पास दो शव मिले हैं। थोड़ी देर में स्पष्ट हो गया कि ये शव शैतान सिंह और विक्रम सिंह के है। तांत्रिक के साथियों की मौत कैसे हुई इसकी जांच चल रही है। पुलिस ने सलमान का बयान लिया था। इसके बाद जांच करते हुए शुक्रवार देर रात मेड़ता रेलवे स्टेशन से रामस्वरूप और मनोज को पकड़ लिया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि कर्नाटक का एम. शिवा इनके साथ नहीं था। ऐसे में आशंका है कि वो किसी दूसरे रास्ते से फरार हुआ है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है।
