दिल्ली की नौवीं सीएम बनी रेखा गुप्ता, शपथ समारोह गुरुवार को

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता होंगी। बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में इसका ऐलान किया गया। 50 साल की रेखा गुप्ता जिंदल दिल्ली की नौवीं सीएम होंगी। पार्टी ने रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था। दोनों ने विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा के सभी विधायकों से एक-एक करके बात की। इसके बाद विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, फिर सीएम के नाम का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री की शपथ गुरुवार (20 फरवरी) को रामलीला मैदान में दोपहर 12:35 बजे होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।
