बीकानेर से कोलकाता, गुवाहाटी, सूरत और मुंबई फ्लाइट शुरू करने के किए जा रहे हैं भरसक प्रयास- अर्जुनराम मेघवाल
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर से कोलकाता, गुवाहाटी, सूरत और मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। मेघवाल शुक्रवार को सिविल हवाई अड्डा बीकानेर पर हवाईअड्डा सलाहकार समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि जब कोई बीकानेर आए तो लगना चाहिए कि ये बीकानेर का हवाईअड्डा है। लिहाजा बीकानेर के सिविल एयऱपोर्ट को बेहतरीन बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री ने कहा कि उदयपुर की तरह ही बीकानेर को मैरिज डेस्टिनेशन प्लेस बनाने के प्रयास भी किए जाएंगे। यहां के होटल्स की हॉस्पिटैलिटी की चर्चा चारों ओर है। एयर कनेक्टीविटी बढऩे से यह संभव हो पाएगा। बैठक में एयरपोर्ट तक आने जाने की व्यवस्था ठीक करने को लेकर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री मेघवाल ने नगर निगम आयुक्त को इलेक्ट्रिक बस एयरपोर्ट तक चलाने और यहां से फ्लाइट के समय बसों का संचालन करने के निर्देश दिए। बैठक में मेघवाल ने एनएचएआई पीडी को एयरपोर्ट से करमीसर तक रोड पर आगामी सात दिनों में लाइट की सही व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल एयरपोर्ट डायरेक्टर राजेन्द्र सिंह बघेला ने हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर बताया कि करीब 250 करोड़ की लागत से हवाई अड्डे का विस्तार दो फेज में होना है। हवाई अड्डे विस्तार को लेकर 23.83 हैक्टेयर भूमि के अधिग्रहण स्वीकृति को लेकर फाइल अंतिम चरण में है। आगामी करीब दो सालों में प्रथम फेज के अंतर्गत करीब 5 एयरबस खड़ी करने और दूसरे फेज में 11 एयरबस खड़ी करने को लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर लिया जाएगा।
टर्मिनल मैनेजर विवेक यादव ने पीपीटी के जरिए एयरपोर्ट की स्थापना से लेकर अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अमरचंद बाकोलिया ने बताया कि एयरपोर्ट से एनएच तक और एयऱपोर्ट से एयरफोर्स गेट तक रोड को फोरलेन का बनाने को लेकर 4.35 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।
समिति के सदस्य पंकज अग्रवाल ने बताया कि बैठक में समिति के सदस्यो ने बीकानेर-जयपुर फ्लाइट नियमित करने, एयऱपोर्ट पर पर्यटन विभाग की ओर से इंफोर्मेशन सेंटर खोलने और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने, नाल सब सेंटर को पीएचसी में अपग्रेड करने, एयरपोर्ट पर कैंटीन का किराया कम कर बड़ी कैंटीन शुरू करने समेत विभिन्न सुझाव दिए। जिस पर मेघवाल ने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष और खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, समिति के सदस्य गुमान सिंह राजपुरोहिरत, डॉ अशोक मीणा, संपत पारीक, महेन्द्र बोथरा समेत एयरलाइंस प्रतिनिधि, सुरक्षा एजेंसियाँ एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

श्री मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर चलेगा ‘हमारी संस्कृति, हमारी विरासत’ अभियान, बुधवार को होगी शुरुआत
आस्था और समर्पण का केन्द्र बना कैंसर पीडि़तों का आश्रम : पवन धूपड़
शशिकला राठौड़ ने कांग्रेस महिला कार्यकारिणी की घोषणा की, वरिष्ठ नेताओं का हुआ अभिनंदन
पर्ल हाइट्स अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव सम्पन्न, अनिल कोठारी बने अध्यक्ष
स्व. रामरतन कोचर 29वां साहित्यकार पुरस्कार के लिए यूपी के आचार्य देवेन्द्र कुमार देव का हुआ चयन
प्रयागराज माघ मेले में महात्यागी नगर खालसा बीकानेर वाले का हुआ शुभारम्भ, पूज्य गुरु महाराज श्री रामदास जी महाराज ने किया ध्वज पूजन