11 साल बाद हुआ फैसला, एक ही परिवार के सात जनों को दिया आजीवन कारावास
बीकानेर। बम्बलू गांव में करीब 11 साल पहले एक युवक की हत्या के मामले में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने सात जनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। हत्या 27 मई 2014 को हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चालान पेश किया, जिसमें सात जनों को हत्या के लिए दोषी माना गया था। अदालत ने इन सभी सात को दोषी मानते हुए अब सजा दे दी है। 27 मई 2014 को अन्नानाथ नामक युवक ने बम्बलू में स्थित पुलिस चौकी पर रिपोर्ट दी थी कि उसके भाई भंवर नाथ की हत्या कर दी गई है। उसने पुलिस को बताया कि भंवरनाथ अपने चाचा के घर जा रहा था। रास्ते में एक पिकअप में सवार होकर आए लोगों ने उस पर हमला कर दिया। मोहन नाथ पिक अप चला रहा था। उसके साथ हेमनाथ, धन्ना नाथ, शंकर नाथ, बाधु, सीता और सरोज थे।
इन सभी ने मिलकर भंवर नाथ का रास्ता रोका और उसके साथ मारपीट की। इनके अलावा दो तीन अन्य को भी मामले में नामजद किया गया। भागते समय इनकी पिकअप गाड़ी एक दीवार से टकरा गई। ये पिकअप को वहीं छोड़कर भाग गए। घायल अवस्था में भंवर नाथ को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। जामसर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने अगस्त 2014 में ही इस मामले में चालान पेश कर दिया। इसके बाद से अदालत में इस मामले में सुनवाई चल रही थी। अब अदालत ने सभी सात आरोपियों को दोषी मानते हुए सजा सुनाई है। जिन सात लोगों को सजा दी गई है, वो सभी एक ही परिवार के हैं। इनमें मोहन नाथ, हेमनाथ और धन्नानाथ सगे भाई है। हेमनाथ का बेटा शंकर नाथ भी दोषी माना गया है तो शंकर नाथ की पत्नी बाधु और बेटी सरोज को भी दोषी माना गया है। सभी को आजीवन कारावास के साथ ही बीस बीस हजार रुपए का आर्थिक दंड भी दिया गया, जिसे नहीं चुकाने पर छह महीने अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। इस मामले में परिवादी की ओर से एडवोकेट ओ.पी. हर्ष ने अदालत में पक्ष रखा।

श्री मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर चलेगा ‘हमारी संस्कृति, हमारी विरासत’ अभियान, बुधवार को होगी शुरुआत
आस्था और समर्पण का केन्द्र बना कैंसर पीडि़तों का आश्रम : पवन धूपड़
शशिकला राठौड़ ने कांग्रेस महिला कार्यकारिणी की घोषणा की, वरिष्ठ नेताओं का हुआ अभिनंदन
पर्ल हाइट्स अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव सम्पन्न, अनिल कोठारी बने अध्यक्ष
स्व. रामरतन कोचर 29वां साहित्यकार पुरस्कार के लिए यूपी के आचार्य देवेन्द्र कुमार देव का हुआ चयन
प्रयागराज माघ मेले में महात्यागी नगर खालसा बीकानेर वाले का हुआ शुभारम्भ, पूज्य गुरु महाराज श्री रामदास जी महाराज ने किया ध्वज पूजन